यूपी के तीन जिलों में हुए सड़क हादसों में बोर्ड परीक्षा देने जा रहे 5 परीक्षार्थियों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हैं। पहली घटना रामपुर की है। यहां दो बाइकों से जा रहे चार परीक्षार्थी ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसे में तीन की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। दूसरी घटना लखीमपुर खीरी में हुई। मैजिक गाड़ी से 16 छात्र परीक्षा केंद्र जा रहे थे। मैजिक और ट्रक की टक्कर में एक परीक्षार्थी की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत 15 छात्र घायल हो गए। तीसरी घटना प्रयागराज की है। संस्कृत बोर्ड की परीक्षा देने तीन छात्र एक बाइक से जा रहे थे। पीछे से आ रहे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। तीनों हादसे सोमवार को हुए। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं कक्षा की अंग्रेजी की परीक्षा थी, जबकि संस्कृत बोर्ड की पूर्व मध्यमा की परीक्षा थी। पहले घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए… अब सिलसिलेवार दोनों घटना के बारे में पढ़िए… 1-रामपुर में ट्रैक्टर की चपेट में आए परीक्षार्थी रामपुर के रेनबो इंटर कॉलेज में विनीत (17), विनय शर्मा (16), मनु चौहान (17) और अरुण सैनी (18) हाईस्कूल में पढ़ाई करते थे। इनका परीक्षा केंद्र सनराइज इंटर कॉलेज टांडा बनाया गया था। सोमवार सुबह चारो स्टूडेंट दो बाइक्स से परीक्षा केंद्र जा रहे थे। सुबह साढ़े 7 बजे सरकथल गांव के पास एक टैक्टर ने दोनों बाइक्स को टक्कर मार दी। उनको रौंदते हुए ड्राइवर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। गांव वाले चीख-पुकार सुनकर दौड़े पहुंचे। पुलिस बुलाई गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। तीन परीक्षार्थी विनय शर्मा, मनु चौहान और अरुण सैनी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जबकि विनीत घायल है। उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सभी फत्तावाला गांव के रहने वाले हैं। इंस्पेक्टर संदीप मिश्रा ने बताया कि तीन छात्रों की मौत हो गई और एक घायल को भी जिला अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर ली जा रही है। 2-लखीमपुर में परीक्षार्थियों से भरी मैजिक गाड़ी की ट्रक से टक्कर लखीमपुर खीरी में 10वीं की बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों से भरी मैजिक को ट्रक ने सामाने से ठोकर मार दी। इसमें कोठिया के रहने वाले स्टूडेंट चंचल (17) पुत्र दीवान की मौके पर ही मौत हो गई।गाड़ी में ड्राइवर समेत 16 छात्र-छात्राएं सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र-छात्राएं मैजिक में फंस गए। आगे की सीट पर बैठे चंचल नाम के छात्र की मौत हो गई। दो छात्रों के पैर टूट गए, सिर फट गए। हाथ में गंभीर चोट आई है। मैजिक का आगे का हिस्सा पूरी तरह से डैमेज हो गया। गाड़ी की छत उड़ गई, स्टेयरिंग टूट गई। शीशा टूटकर छात्रों के चेहरे में धंस गया। हादसा सोमवार सुबह 7.10 बजे पढ़ुआ थाने में ढखेरवा-धौरहरा हाईवे पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, उमा देवी पब्लिक स्कूल के 16 छात्र-छात्राएं मैजिक वाहन से मां गायत्री विद्या मंदिर में बोर्ड परीक्षा देने जा रहे थे। जीएस सिंह क्रेशर के पास मैजिक और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम करने वाले दौड़कर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। ऑटो चालक दुर्गेश ने बताया कि कोठिया-ढकेरवा की तरफ से बच्चों को लेकर एक मैजिक गाड़ी रमियाबेहड़ की ओर आ रही थी। धौरहरा की ओर से ट्रक जा रहा था। दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर के बाद ट्रक का पहिया टूटकर दूर जा गिरा और ड्राइवर स्टेयरिंग में फंस गया। पास-पड़ोस में मौजूद लोगों ने घायलों को खींचकर बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने बताया कि सभी छात्र हाई-स्कूल का इंग्लिश का पेपर देने जा रहे थे। एक ही गाड़ी सभी छात्र रोजाना पेपर देने के लिए जाते हैं। ट्रक को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। मृतक चंचल का शव पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 3-संस्कृत बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे छात्र की मौत, डंपर ने ठोकर मारी प्रयागराज के कोरांव थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। कोरांव लेडियारी मार्ग पर परीक्षा देने जा रहे तीन युवकों की बाइक को पीछे से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। मृतक छात्र की पहचान कोरांव नगर पंचायत के चमनगंज मोहल्ले निवासी 16 वर्षीय शाहिद अली पुत्र स्वर्गीय छोटकउ के रूप में हुई है। वह अपने दो साथियों, 15 वर्षीय राज पुत्र कप्तान अली और 17 वर्षीय एजाज अहमद पुत्र सरफुद्दीन के साथ एक ही बाइक पर आनंद बोधाश्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिवारीपुर में परीक्षा देने जा रहा था। तीनों छात्र रामकृपाल त्रिपाठी संस्कृत पूर्व माध्यमिक विद्यालय खिवली कला के विद्यार्थी हैं और पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष की परीक्षा देने जा रहे थे। -------------------- ये खबर भी पढ़ें… स्कूली बच्ची पर चढ़ा ट्रक, सिर धड़ से अलग:बैग कंधे पर टंगा रहा; प्रयागराज में मामा के साथ बाइक से जा रही थी प्रयागराज में स्कूल जा रही 10 साल की बच्ची के ऊपर से ट्रक गुजर गया। उसका सिर धड़ से अलग हो गया। हादसा इतना भीषण था कि सिर सड़क पर ही चिपक गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। बच्ची के कंधे पर स्कूली बैग टंगा रहा। पढ़ें पूरी खबर…