बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान 22 वर्षीय युवक मोहन राजभर की अज्ञात बदमाशों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना मंगलवार मध्यरात्रि करीब 11:30 बजे रेवती-सहतवार मार्ग स्थित एक मैरिज हॉल के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, सहतवार थाना क्षेत्र के बलेऊर निवासी सुरेश राजभर की बेटी की बारात मनियर थाना क्षेत्र के बड़सरी जागीर से आई थी। जयमाल का कार्यक्रम संपन्न हो चुका था। मृतक मोहन राजभर (22) अपने साथी विजय राजभर के साथ खाना खाकर जनवासे की ओर जा रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। मोहन गंभीर रूप से घायल हो गया। मोहन को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हमले में विजय राजभर भी मामूली रूप से घायल हुआ है। विजय ने बताया कि वे खाना खाकर शामियाने की तरफ जा रहे थे, तभी कुछ लोग गाड़ी से उतरे और बिना कुछ पूछे उन पर हमला कर दिया। सहतवार थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है। मृतक मोहन राजभर दो भाइयों में बड़ा और अविवाहित था। उसकी एक बहन भी है। मोहन गुजरात के राजकोट में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह 18 फरवरी को ही शादी में शामिल होने के लिए गुजरात से अपने घर आया था। इस घटना के बाद से परिवार सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।