बरेली रेलवे जंक्शन पर एक यात्री की अचानक तबियत बिगड़ गई। उसके सीने में तेज दर्द उठा और वह जमीन पर गिर गया। तभी परिवारवाले मदद के लिए चिल्लाने लगे। सूचना पर प्लेटफॉर्म पर तैनात जीआरपी सिपाही ने गोल्डन टाइम में सीपीआर देकर यात्री की जान बचाई। सिपाही ने 3 बार 30-30 सेकंड का सीपीआर दिया। 90 सेकंड में यात्री की सांसे लौट आईं। यात्री को घरवाले अस्पताल लेकर गए। जहां उनका उपचार किया गया। इसका वीडियो अब सामने आया है। 2 तस्वीरें देखिए… बिहार से बरेली पहुंचे थे दिनेश बिहार के गया जिले के निवासी दिनेश मोनिया हावड़ा-दिल्ली अमृत भारत ट्रेन से 21 फरवरी को बरेली पहुंचे थे। उन्हें मनौना धाम जाना था। ट्रेन से उतरते ही उनके सीने में तेज दर्द उठा। वह अचानक प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। उनके परिवार के सदस्य घबराकर मदद के लिए चिल्लाने लगे। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात जीआरपी सिपाही हरीओम तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने यात्री की नब्ज और सांसों की जांच की, जो लगभग थम चुकी थीं। हरीओम ने तत्काल कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) देना शुरू कर दिया। 40 सेकंड तक सीपीआर दिया, शरीर में हचलल हुई प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य यात्री यह दृश्य सांसें थामे देख रहे थे। करीब 40 सेकंड की कोशिश के बाद दिनेश के शरीर में हलचल हुई। उनकी सांस वापस आने लगी। यह देखकर परिजनों की आंखों में आंसू आ गए। प्राथमिक सहायता के बाद परिजन दिनेश को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि यदि सही समय पर सीपीआर नहीं मिलता तो स्थिति जानलेवा हो सकती थी। विशेषज्ञों के अनुसार, हार्ट अटैक या कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में शुरुआती 3-5 मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं।