बलिया में उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा एक दिवसीय माटीकला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बुधवार को चंद्रशेखर उद्यान में प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य मिट्टी से निर्मित वस्तुओं को बढ़ावा देना और कुम्हार समुदाय को आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत नि:शुल्क विद्युत चालित चाक वितरण किया गया। मंत्री ने जानकारी दी कि 17 विकास खंडों के ग्राम प्रधानों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ा गया है। लाभार्थियों को 10 हजार रुपये तक का मुक्त ऋण भी प्रदान किया गया है। देखें, 4 तस्वीरें… वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 35 पात्र लाभार्थियों को माटीकला टूल किट (विद्युत चालित चाक) वितरित की गई। इसके अतिरिक्त, पांच लाभार्थियों को पागमील मशीन भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान 17 ब्लाकों के 34 ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संस्कृति गुप्ता, कुम्हार समुदाय के लोग, जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Reader Comments