बस्ती में नगर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन दुकानों में हुई चोरी का खुलासा किया है। इस मामले में एक बाल अपचारी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी का शत-प्रतिशत सामान और चार मोटरसाइकिलें (तीन चोरी की और एक घटना में प्रयुक्त) बरामद की हैं। पुलिस अधीक्षक ने टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार, ये चोरियां ग्राम कटरूआ दलथम्मन सिंह स्थित किराना दुकान, ग्राम सिसवारी कुंवर सिंह स्थित बिल्डिंग मटेरियल की दुकान और ग्राम नरायनपुर डिहवा चौराहे पर कपड़े की दुकान में हुई थीं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो आरोपियों को दोफड़ा से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर वीरेंद्र कुमार के मामा के घर से चोरी का सारा सामान बरामद किया गया। इसी स्थान पर घर के पीछे सरसों के खेत से बिना नंबर की एक हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक भी मिली। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह दिन में बाइक से घूमकर रेकी करता था और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। बाद में अन्य चार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी शुभम सोनी और राज सोनकर ने बताया कि वे बाइक चोरी कर राहुल यादव को बेचते थे, जो आगे सौदे तय करता था। अमहट घाट से विकास कुमार गौतम को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने चोरी की बाइक खरीदने की बात स्वीकार की। बरामद किए गए सामान में कपड़े, कॉस्मेटिक उत्पाद, बैटरी, इन्वर्टर, राशन सामग्री, 2850 रुपये नकद, एक अवैध चाकू और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण शामिल हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।