कौशाम्बी जनपद में बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छात्र शक्ति इंफ्रा लिमिटेड कंपनी के कार्यालय और प्लांट पर छापेमारी की। यह कार्रवाई सराय अकील थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव स्थित कंपनी पर की जा रही है। जानकारी के अनुसार, ED की टीम लगभग छह लग्जरी गाड़ियों से मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने कार्रवाई की भनक लगने से रोकने के लिए अपनी गाड़ियों पर शादी के पंपलेट लगाकर छापेमारी स्थल तक पहुंचने की रणनीति अपनाई। छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस बल और आईटी टीम भी मौके पर मौजूद रही। टीम कंपनी के दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, ED टीम ने जयंतीपुर गांव पहुंचते ही कंपनी परिसर को अपने कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक मीडिया को कार्रवाई के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। यह छापेमारी बुधवार सुबह से जारी है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।