फर्रुखाबाद जनपद के कम्पिल थाना क्षेत्र स्थित बिहारीपुर गांव में मंगलवार रात करीब 12 फीट लंबा एक मगरमच्छ गंगा नदी से निकलकर गांव के मुहाने तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से रात में ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जो लगभग चार घंटे तक चला। कड़ी मशक्कत के बाद टीम मगरमच्छ को पकड़ने में सफल रही। डीएफओ राजीव कुमार ने बताया कि मंगलवार रात को बिहारीपुर गांव में मगरमच्छ होने की सूचना मिली थी। तत्काल वन क्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर उसे गांव भेजा गया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से रात के समय चार घंटे तक रेस्क्यू चला। मगरमच्छ बार-बार पानी के बाहर आ रहा था और अंदर जा रहा था, जिससे रात में उसे पकड़ने में काफी दिक्कतें आईं। करीब 12 फीट लंबा होने के कारण भी यह कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। डीएफओ ने आगे बताया कि मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के बाद उसे एक सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार देर शाम उन्होंने गंगा किनारे एक मगरमच्छ को लेटे हुए देखा था। इस घटना से गांव में दहशत फैल गई थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने ही वन विभाग को इसकी सूचना दी थी। जिसके बाद पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा गया।
Reader Comments