एनसीआरटीसी द्वारा संचालित मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक चल रही मेट्रो और नमो भारत ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संचालन के दूसरे दिन से ही प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची लागू कर दी गई। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। 7 इंच से बड़े औजार पूरी तरह प्रतिबंधित खुखरी, तलवार, फरसा, कुल्हाड़ी, हथौड़ा, मांस काटने वाले औजार, चाकू, चार इंच से बड़े ब्लेड, कैंची, पेचकस, पाना, प्लास सहित ऐसे सभी औजार जिनकी लंबाई 7 इंच (17.78 सेमी) से अधिक है, बैन रहेंगे। बंदूक, पिस्टल, गोला-बारूद, फ्लेयर गन, स्पोर्ट्स गन, एयर राइफल, छर्रा गन, गन लाइटर और असलाह के पुर्जे भी पूरी तरह निषिद्ध हैं। ज्वलनशील पदार्थ भी वर्जित रेडियोएक्टिव पदार्थ, अम्ल, जहरीले रसायन, ऑक्सीकरणीय पदार्थ, गैस, विस्फोटक सामग्री, पेट्रोलियम उत्पाद, स्पिरिट, शराब और अन्य ज्वलनशील ठोस पदार्थ ट्रेन में नहीं ले जाए जा सकते। गीली बैटरी भी प्रतिबंधित सूची में शामिल है। मानव राख, शव, कंकाल, शरीर के अंग, रक्त, मृत पशु, किसी भी प्रकार की खाद, खुला कच्चा मांस या मछली तथा पालतू पशु-पक्षियों को मेट्रो व नमो भारत में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। दूसरे दिन सख्ती: पिस्टल और शराब लेकर पहुंचे यात्री लौटाए दूसरे दिन सख्त चेकिंग के दौरान कई यात्री लाइसेंसी पिस्टल लेकर स्टेशन पहुंचे, जिन्हें गेट पर ही वापस कर दिया गया। शराब लेकर या शराब पीकर आए लोगों को भी प्रवेश नहीं मिला। सिगरेट, तंबाकू, माचिस, घी और तेल जैसी वस्तुएं लेकर आए यात्रियों को भी बाहर किया गया। 25 किलो से अधिक वजन का बैग लाने वालों को एंट्री नहीं दी गई। हालांकि संचालन का दूसरा दिन होने के कारण प्रतिबंधित सामान जब्त नहीं किया गया, बल्कि चेतावनी देकर छोड़ा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब से नियम तोड़ने पर सामान जब्त किया जाएगा। सभी 13 स्टेशनों की जिम्मेदारी (यूपीएसएसएफ) को सौंपी गई है। दो इंस्पेक्टर और 400 जवान दो शिफ्ट में तैनात हैं। पूरी वाहिनी में एक कमांडेंट समेत 500 जवान शामिल हैं। सीसीटीवी कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। मेट्रो में सफर करते दौरान क्या करें • कतार में खड़े रहें। • अधिकतम 25 किलो सामान (80 सेमी × 50 सेमी × 30 सेमी) ही साथ रखें। • दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाओं और बीमार व्यक्तियों को प्राथमिकता दें। • यात्रियों को पहले उतरने दें। • प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच की दूरी का ध्यान रखें। • आपात स्थिति में सुरक्षा कर्मियों/पुलिस बूथ/ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क करें। मेट्रो में सफर करते दौरान क्या न करें • एएफसी गेट के ऊपर से न कूदें। • कार्ड/टिकट साझा न करें। • ट्रेन के दरवाजे जबरन न खोलें। • दरवाजे बंद होने पर चढ़ने-उतरने की कोशिश न करें। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि सफर से पहले प्रतिबंधित वस्तुओं की जांच कर लें, ताकि स्टेशन पर असुविधा से बचा जा सके।