लखनऊ में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर आयकर विभाग का छापा पड़ा है। बुधवार सुबह 7 बजे 50 से ज्यादा अफसर गाड़ियों से विधायक के गोमती नगर स्थित आवास पहुंचे। लखनऊ पुलिस भी साथ है। आयकर टीम ने विधायक के आवास को घेर लिया है। किसी के भी अंदर या बाहर जाने पर रोक लगा दी गई है। अफसर विधायक के आवास के अंदर फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा विधानसभा से लगातार 3 बार से विधायक हैं। वह कैंसर से पीड़ित हैं। उनके दो बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं। पिछले महीने ही वह अमेरिका से ब्लड चेंज कराकर लौटे हैं। फिलहाल वह लखनऊ स्थित आवास पर आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं। आयकर विभाग की इस कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं। 54 करोड़ के मालिक, 13 करोड़ कर्ज है गोमती नगर के विपुल खंड में विधायक का आवास और दफ्तर है। 2022 के शपथ पत्र के अनुसार, उमाशंकर सिंह की कुल संपत्ति करीब 54.05 करोड़ रुपये है। इसमें 18.05 करोड़ रुपए चल और 35.99 करोड़ रुपए अचल संपत्ति शामिल है। उन पर 13 करोड़ रुपए का कर्ज भी है। निर्माण से माइनिंग तक कई कारोबार से जुड़े हैं बसपा विधायक उमाशंकर सिंह राजनीति के साथ-साथ कारोबार की दुनिया में भी सक्रिय रहे हैं। उनकी ‘छात्र शक्ति कंस्ट्रक्शन्स’ नाम की कंपनी है, जो सड़क निर्माण का काम करती है। कंपनी ने विभिन्न स्थानों पर रोड कंस्ट्रक्शन के प्रोजेक्ट पूरे किए हैं। इसके अलावा उनकी कंपनी माइनिंग सेक्टर में भी काम करती रही है। निर्माण और खनन के साथ-साथ वह शिक्षा और होटल उद्योग से भी जुड़े रहे हैं। उमाशंकर सिंह की पत्नी पुष्पा सिंह ‘सीएस इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड’ की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। कंपनी इंफ्रास्ट्रक्चर और निर्माण से जुड़े कार्य करती है। राजनीति के साथ व्यापारिक गतिविधियों में सक्रियता के कारण उमाशंकर सिंह अक्सर चर्चा में रहते हैं। पिछले साल तबीयत खराब हुई तो मिलने भी पहुंची थीं मायावती उमाशंकर सिंह की बसपा में अहमियत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मायावती ने उन्हें राखी बांधी थी। इतना ही नहीं, 5 मार्च 2025 को उमाशंकर सिंह की तबीयत खराब होने पर मायावती उनसे मिलने के लिए उनके आवास पहुंची थीं। उन्होंने उनका हाल जाना और परिवार के साथ तस्वीर भी खिंचवाई थी। उमाशंकर सिंह कब-कब चर्चा में जानिए 1- 11 महीने पहले हुई थी विजिलेंस में शिकायत विधायक उमाशंकर सिंह 11 महीने पहले आय से अधिक संपत्ति के मामले में चर्चा में आए थे। उनके खिलाफ विजिलेंस ने जांच शुरू की थी। विजिलेंस ने उनके साथ ही उनकी पत्नी पुष्पा, बेटे युकेश और बेटी यामिनी के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों का ब्योरा जुटाना शुरू किया था। इसमें जमीन, मकान, फ्लैट, व्यावसायिक और कृषि संपत्तियां शामिल थींं। जांच के तहत विजिलेंस ने आईजी प्रयागराज को लेटर लिखकर संपत्तियों की डिलेट मांगी थी। इसके बाद आईजी ने संबंधित विभागों को जानकारी देने के निर्देश दिए थे। वाराणसी के उप-निबंधन कार्यालयों से भी रिकॉर्ड जुटाया गया था। 2- पिछले साल मंत्री दयाशंकर हुई थी जुबानी जंग पिछले साल उमाशंकर सिंह, मंत्री दयाशंकर सिंह से विवाद के बाद चर्चा में आए थे। दरअसल, बलिया के कटहरनाला में बने नए पुल को पीडब्ल्यूडी ने आवागमन के लिए खोल दिया था। इसकी जानकारी मिलने पर दयाशंकर सिंह बलिया पहुंचे। मंत्री ने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन केसरी प्रकाश को फटकार लगाते हुए कहा था- “देखो, दिमाग खराब न हो। मैं मंत्री हूं। तुम किसी और के कहने पर काम कर रहे हो, मैं सब समझ रहा हूं। तुम यहां से चुनाव लड़ने वाले हो क्या? बसपा तुम्हें टिकट देने वाली है?” उमाशंकर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पलटवार किया था। उन्होंने कहा था- अगर हम आरोप लगाने और प्रमाण देने लगें, तो किसी को छुपने की जगह नहीं मिलेगी। मंत्री जी को अगर पुल से शिकायत है, तो भारत सरकार से बात करें। यह नेशनल हाईवे का मामला है।” इसके बाद दयाशंकर सिंह ने कहा था- उमाशंकर के पिता मिट्टी का तेल बेचते थे, जबकि मैं बलिया के मालवीय कहे जाने वाले मैनेजर सिंह का भांजा हूं। है कि नहीं, आप लोग पता करिए। 3- गोरखपुर में फोरलेन निर्माण को लेकर भी विवादों में रहे 2017 से 2022 के बीच उमाशंकर सिंह ने गोरखपुर में मेडिकल कॉलेज फोरलेन सड़क का निर्माण बतौर ठेकेदार कराया था। इसी दौरान सड़क किनारे नाले का निर्माण भी किया गया था। आरोप था कि नाले की ऊंचाई सड़क से ज्यादा बना दी गई थी। इसके कारण बारिश में आसपास के कई इलाकों में जलभराव हो गया था। यह मामला उस समय के गोरखपुर सदर विधायक राधामोहन दास अग्रवाल ने विधानसभा में उठाया था। उन्होंने उमाशंकर सिंह के खिलाफ शाहपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराने की शिकायत भी की थी। 2011 में बसपा जॉइन की, तब से लगातार विधायक 2017 में अयोग्य घोषित हुए थे 14 जनवरी 2017 को तत्कालीन राज्यपाल राम नाइक ने उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया था। उन पर रिप्रेजेंटेशन ऑफ द पीपल एक्ट के उल्लंघन का आरोप था। मामला सरकारी ठेके अपने नाम पर लेने से जुड़ा था। लोकायुक्त की जांच में आरोप सही पाए गए। बाद में हाईकोर्ट के निर्देश पर चुनाव आयोग की सिफारिश के बाद उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई। यह प्रदेश का पहला मामला था, जब किसी विधायक की सदस्यता पिछली तारीख से समाप्त की गई। ------------------------ ये खबर भी पढ़ें- पंकज चौधरी को बायोडेटा सौंपने की होड़:200 मंडल अध्यक्षों का ऐलान; यूपी BJP अध्यक्ष बोले- डेढ़ दो सौ क्यों खर्च किए, तुम्हारे काम आता यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव आने वाला है और सभी को काम मिलेगा, हर किसी के लिए काम है। बुधवार को लखनऊ में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उनसे मिलने पहुंचे। एक कार्यकर्ता ने उन्हें भगवा गमछा पहनाकर अभिनंदन किया। इस पर उन्होंने कहा, “इसमें पैसा क्यों खर्च किया? डेढ़-दो सौ रुपए जो खर्च किए, वह तुम्हारे काम आते।” पढ़ें पूरी खबर
Reader Comments