मेरठ में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने की। राज्य वित्त और 15वें वित्त आयोग के करीब 30 करोड़ रुपये से देहात क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाएंगे। 66 वार्डों में स्कूल और स्वास्थ्य केंद्रों का कायाकल्प बैठक में जिले के 66 वार्डों में एक-एक स्कूल विकसित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही जर्जर पड़े सीएचसी और पीएचसी का कायाकल्प कराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में एक-एक कूड़ा गाड़ी खरीदी जाएगी। कुल 12 कूड़ा गाड़ियां खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा, हर वार्ड में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का लक्ष्य है। सफाई व्यवस्था के लिए 12 कूड़ा गाड़ियां खरीदी जाएंगी। महापुरुषों के नाम पर नामकरण और प्रतिमाएं बैठक में जिला पंचायत सभागार का नाम पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के नाम पर रखने का प्रस्ताव पारित हुआ। इसके अलावा नौचंदी मैदान में चौघरी चरण सिंह और बी आर आंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। साथ ही कुछ महीने पहले शहीद हुए पस्तरा निवासी शहीद मेजर शुभम सैनी समेत अन्य शहीदों के पैतृक गांवों में स्मृति द्वार बनाने का निर्णय लिया गया। फोन नहीं उठाना पड़ेगा भारी- अनिकेत जिला पंचायत सदस्य और रालोद जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के फोन हर हाल में उठाए जाएं और समस्याओं का समाधान समय पर किया जाए, अन्यथा ठीक नहीं होगा। इस पर विधायक शाहिद मंजूर ने हल्की चुटकी भी ली, जिससे बैठक का माहौल कुछ देर के लिए हल्का हो गया।