Advertisement
Sponsored
मुरादाबाद में महिला की गोली मारकर हत्या:पोते-नातिन को बंधक बनाया, बेटे ने एक बदमाश को दौड़ाकर पकड़ा; 3 भाग गए
Feb 23, 2026
मुरादाबाद में सोमवार को एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला रोजा खोलने के बाद अपने पोते और नातिन के साथ घर पर बैठी थी। इसी दौरान 4 बदमाश घर में घुस आए। बदमाशों ने पहले एक बच्चे को बांध दिया और फिर गोली मार दी। गोली लगने के बाद बच्चा दौड़कर अपने पिता के पास पहुंचा। उसने बताया- पापा, दादी को किसी ने गोली मार दी है। यह सुनते ही पिता मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश भागने लगे। इस दौरान उन्होंने पीछा कर एक बदमाश को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। वारदात दिल्ली रोड पर मझोला थाने से 500 मीटर दूर 52 कोठी के पास हुई। विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… बदमाशों ने गोली मारकर की हत्या
महिला की पहचान नन्नी (50) के रूप में हुई है। वह कुंदरकी थाना क्षेत्र के मोहल्ला ऊंचाकानी की रहने वाली थी। नन्नी के बेटे महबूब ने बताया- मैं और मेरी मां पिछले 15 साल से कोछी के पास एक प्लॉट पर चौकीदारी करते हैं। इसी कमाई से परिवार का खर्च चलता है। सोमवार देर शाम मैं और मेरा भाई रोजा खोलने के बाद किसी काम से बाहर गए थे। उस समय मां घर पर मेरे बेटे और भांजी के साथ थी। तभी 4 बदमाश घर में घुस आए और मां को गोली मार दी। बेटा भागते हुए मेरे पास आया और बताया कि दादी को गोली मार दी गई है। उसके दोनों हाथ बंधे हुए थे। घटना के बाद मां को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, भाग रहे एक बदमाश को मैंने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। महिला की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। फिलहाल घटना की वजह साफ नहीं हो सकी है। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की 3 टीमें बनाई गई हैं। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। --------------------------- ये खबर भी पढ़ें…. महाकाल से लौट रहे यूपी के 4 दोस्तों की मौत, कोटा में कार ट्रक में घुसी, शव बुरी तरह फंसे कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के 4 लड़कों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार चारों युवक बुरी तरह से फंस गए थे। पढ़िए पूरी खबर
Advertisement
Advertisement
Readers Comments