अभिनेता राजपाल यादव ने बच्चों की नाराजगी पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- उन्हें 'गुल्लक वाला सीन' याद है। वह जल्द ही बच्चों से मिलने उनके स्कूल जाएंगे। राजपाल यादव ने बच्चों से नाराज न होने की अपील करते हुए कहा कि वे उनके अपने बच्चे हैं। दरअसल, गुरुकुल सेवा ट्रस्ट के बच्चों ने उन्हें अपनी पॉकेट मनी गुल्लक में भरकर मदद के तौर पर भेजी थी और उनसे मिलने की इच्छा जताई थी। मुलाकात न होने पर बच्चों ने नाराजगी व्यक्त की थी। यह मामला तब शुरू हुआ था जब कुछ समय पहले राजपाल यादव जेल में थे। उस दौरान बॉलीवुड की कई हस्तियों ने उनकी मदद की थी। इसी बीच बिजलीपुरा स्थित स्वयंसेवी संस्था गुरुकुल सेवा ट्रस्ट में पढ़ने वाले बच्चों ने अपनी पॉकेट मनी गुल्लक में जमा कर राजपाल यादव को भेजी थी। बच्चों ने उनसे कहा था कि वे इस पैसे से अपना कर्ज चुका दें और जेल से बाहर आने के बाद उनसे मिलने आएं। जेल से रिहा होने के बाद राजपाल यादव अपनी भतीजी की शादी में शामिल हुए और फिर मुंबई लौट गए, जिससे बच्चों से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई। मंगलवार को बच्चों ने एक और वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि राजपाल यादव उनकी गुल्लक का जवाब देंगे और उनसे मिलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बच्चों ने वीडियो में अपनी नाराजगी जाहिर की। राजपाल यादव ने फोन पर बातचीत में बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें बच्चों द्वारा भेजी गई गुल्लक और उनकी भावनाएं याद हैं। अभिनेता ने अपनी व्यस्तता को बच्चों से न मिल पाने का कारण बताया और आश्वासन दिया कि वह बहुत जल्द उन बच्चों से मिलने जाएंगे। राजपाल यादव ने कहा कि उन बच्चों तक मेरा संदेश पहुंच गए कि अगर बच्चे हमसे नाराज हो जाएंगे तो राजपाल यादव कहां जाएंगे। वो सब मेरे भी बच्चे हैं। बहुत जल्द उनके स्कूल में जाकर मिलेंगे ।