संतकबीरनगर में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर शिक्षकों ने लगातार तीसरे दिन भी टेट के विरोध में प्रदर्शन किया। जनपद के सभी नौ ब्लाकों में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया। शिक्षकों ने बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी और बीआरसी व डायट पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। यह विरोध प्रदर्शन तीन दिवसीय क्रमिक आंदोलन का अंतिम दिन था। जब तक मांगें पूरी नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी जिलाध्यक्ष अंबिका देवी यादव ने बताया कि क्रमिक आंदोलन के तीसरे और अंतिम दिन भी शिक्षकों ने टेट के विरोध में मुखरता से भाग लिया। उन्होंने शिक्षकों की भरपूर भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। जिला उपाध्यक्ष जफीर अली करखी ने बताया कि टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त संगठन टेट के विरोध में एकजुट हैं। उन्होंने आगामी आंदोलन की जानकारी देते हुए बताया कि 26 फरवरी को दोपहर दो बजे से बीएसए कार्यालय पर एक बड़ा धरना आयोजित किया जाएगा। धरने के बाद जनपद के सभी शिक्षक प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपेंगे। मंत्री केसी सिंह ने सभी शिक्षकों से जिला मुख्यालय पर आयोजित इस धरने में बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। काली पट्टी बांधकर किए गए इस विरोध प्रदर्शन में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, ब्लॉक कार्यकारिणी, संघर्ष समिति के पदाधिकारी सहित सभी शिक्षक संगठनों का सहयोग रहा। ये रहे मौजूद इस अवसर पर गंगा प्रसाद यादव, विजय नाथ यादव, के.सी. सिंह, रामसरन यादव, जफीर अली, मो. आजम, अरुण यादव, मो. शोएब अख्तर, जयभान चौधरी, अभिनव प्रताप सिंह, वेद प्रकाश त्रिपाठी, दुर्गा यादव, अनिल कुमार सिंह, शिवचरन गुप्ता, सुयेब अहमद और राहुल यादव सहित कई अन्य शिक्षक मौजूद रहे।