सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। महमूदाबाद–रेउसा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, रेउसा थाना क्षेत्र के ग्राम अवरा निवासी नफीस अहमद (35 वर्ष), पुत्र साबिर, अपने गांव के ही संदीप पाल पुत्र राधेश्याम के साथ मोटरसाइकिल से किसी कार्य से महमूदाबाद गए थे। काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान महमूदाबाद–रेउसा मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नफीस अहमद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि संदीप पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से घायल संदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेउसा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक नफीस अहमद बाएं पैर से विकलांग थे। उनके अचानक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में घटना के बाद शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर मिलने पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।