संभल में अवैध गैस रिफिलिंग का बड़ा कारोबार पकड़ा गया है। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार के निर्देश पर संभल कोतवाली क्षेत्र के चिमयावली गांव में एक परचून की दुकान पर छापेमारी की गई। इस दौरान मौके से 18 गैस सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण जब्त किए गए। गांव चिमयावली निवासी सुबहान अली पुत्र पप्पू अपनी परचून की दुकान के साथ-साथ गैस रिफिलिंग और मुर्गा मीट शॉप भी चला रहा था। इसी दुकान की आड़ में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का धंधा संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान सुबहान अली गैस रिफिलिंग के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। मौके से लगभग 15-16 घरेलू गैस सिलेंडर, दो छोटे सिलेंडर और गैस रिफिलिंग से संबंधित उपकरण बरामद किए गए। अवैध गतिविधि पाए जाने पर पूर्ति निरीक्षक अंकित कुमार अवस्थी और ललित कुमार को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि उन्हें चिमयावली गांव में घरों के भीतर घरेलू गैस सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रिफिलिंग की शिकायत मिली थी। पूछताछ में सामने आया कि ये छोटे सिलेंडर पास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों के लिए अवैध रूप से भरे जा रहे थे। मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि यह कार्य पूरी तरह अवैध है। व्यावसायिक उपयोग के लिए उचित अनुमति के साथ केवल कमर्शियल सिलेंडरों का ही उपयोग किया जाना चाहिए। इस मामले में पूर्ति विभाग और संबंधित थाने को सूचित कर दिया गया है। जब्त सिलेंडरों को उनकी सुपुर्दगी में देकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गैस एजेंसी और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी जांच के बाद सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Reader Comments