सुल्तानपुर में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह टिप्पणी बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर, भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर और बहुजन समाज के प्रतीकों के खिलाफ की गई थी। दुल्हापुर निवासी सूरज मिश्रा पुत्र शीतला मिश्रा पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जातिसूचक, अपशब्दों से भरी और जान से मारने की धमकी वाली टिप्पणियां की हैं। इन टिप्पणियों में बहुजन समाज की आस्था के प्रतीक नीले रंग और पूरे बहुजन समाज को भी निशाना बनाया गया। आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के लंभुआ विधानसभा अध्यक्ष दीपक कुमार पुत्र रामकरन ने लंभुआ कोतवाली में इस संबंध में तहरीर दी है। दीपक कुमार ने अपनी तहरीर में कहा है कि इन टिप्पणियों से समुदाय विशेष की भावनाएं आहत हुई हैं और इससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। कोतवाल धीरज कुमार ने बताया कि दीपक कुमार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर रही है और नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि आरोपी दूसरे जिले में नौकरी कर रहा है। उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।