सहारनपुर में होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह और खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त मनोज कुमार वर्मा की टीम ने मिगलानी बिल्डिंग के पास स्थित चोपड़ा डेयरी पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान डेयरी परिसर में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसमें शौचालय के पास 2000 लीटर संदिग्ध दूध रखा हुआ मिला। सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने डेयरी परिसर में साफ-सफाई की खराब स्थिति और शौचालय के पास दूध रखे जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर ही डेयरी संचालक को फटकार लगाई और स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, खासकर त्योहारों के दौरान जब आमजन का स्वास्थ्य सीधे तौर पर प्रभावित होता है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डेयरी से दूध, दही, मावा और क्रीम के नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लगभग 2000 लीटर दूध को बर्फ लगाकर ठंडा किया जा रहा था और वह भी शौचालय के बिल्कुल पास रखा था, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। परिसर में साफ-सफाई के इंतजाम भी बेहद खराब पाए गए। सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी और आयुक्त के निर्देश पर होली के मद्देनजर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग को मिलावट की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, चोपड़ा डेयरी के पास मधुसूदन डिस्ट्रीब्यूटर की एजेंसी भी है और यहां खुले दूध का कारोबार होता है। प्रशासन द्वारा डेयरी संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। उन्हें सुधार के लिए एक निश्चित समय दिया जाएगा। यदि तय समय में सुधार नहीं होता है, तो डेयरी का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, यदि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट में नमूनों में मिलावट या मानक से कम गुणवत्ता पाई जाती है, तो संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
Reader Comments