एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र में हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान दो 'मुन्ना भाई' पकड़े गए हैं। ये दोनों दूसरे परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा दे रहे थे। स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने सघन चेकिंग के दौरान उन्हें पकड़ा। घटना मलावन स्थित आर.के.एस.एच.एस.एस. परीक्षा केंद्र पर हुई। प्रथम पाली में अंग्रेजी का पेपर चल रहा था, तभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट और तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय की टीम केंद्र का भ्रमण कर रही थी। नीरज वार्ष्णेय को दोनों पर शक हुआ, जिसके बाद पूछताछ में उन्होंने सच्चाई कबूल कर ली। पकड़े गए फर्जी परीक्षार्थियों की पहचान अंशुल पुत्र मुनेश के रूप में हुई है, जो शुभम नामक परीक्षार्थी की जगह परीक्षा दे रहा था। दूसरा फर्जी परीक्षार्थी सुबोध पुत्र संजय था, जो पवन कुमार के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय ने बताया कि दोनों 'मुन्ना भाइयों' के विरुद्ध नकल विरोधी अधिनियम वर्ष 2025 के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जा रही है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।