सोनभद्र में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ मिलकर 'हर घर जल नल योजना' में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने पैदल मार्च कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि जिले की जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। प्रमोद यादव ने योजना की खामियों को उजागर करते हुए कहा कि मारकुंडी, कनपानी, टोला नगवा सहित कई गांवों में पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन पानी नहीं पहुंचा है। कई स्थानों पर पानी की टंकियां खाली पड़ी हैं। उन्होंने बताया कि चोपन, कोन, नगवा और म्योरपुर जैसे क्षेत्रों में ग्रामीण आज भी हैंडपंप से फ्लोराइड युक्त पानी पीने को मजबूर हैं। यादव ने 'हर घर जल नल योजना' के प्रचार-प्रसार में करोड़ों रुपये के कथित गबन का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि वॉल पेंटिंग के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, जिसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि कई गांवों में सड़क,बिजली और स्कूल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। ग्रामीण अनीता बैगा ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि उन्हें शुद्ध पानी नहीं मिल रहा है, जिससे उनके बच्चे गंदा पानी पीकर बीमार हो रहे हैं। प्रमोद यादव ने आगे कहा कि सोनभद्र में 'हर घर जल नल योजना' में लगातार भ्रष्टाचार हो रहा है,जबकि स्थानीय मंत्री और विधायक विधानसभा में हर गांव में स्वच्छ पानी मिलने का दावा करते हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि यह योजना केवल कागजों तक ही सीमित रह गई है। यादव ने बताया कि योजना के प्रचार-प्रसार के लिए कम से कम 7 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे,जिनका कथित तौर पर बंदरबांट किया गया है। उन्होंने दोहराया कि कोन, नगवां और म्योरपुर जैसे क्षेत्रों में लोग आज भी प्रदूषित पानी पीने को विवश हैं। सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार केवल कागजों तक सिमटी हुई है, कोई भी योजना सोनभद्र में ठीक से संचालित नहीं हो रही है, स्वस्थ रहने के लिये शुद्ध पानी तक ये सरकार उपलब्ध नहीं करा पा रही है, इस मौके पर शांति गौण,अमरावती, अंकित अग्रहरि,सुरेश अग्रहरी रमाशंकर खरवार अशोक केवट,पारस गौण,राजकुमार बैगा, गोविंद अररिया,लक्ष्मी पटेल मुन्ना चौरसिया, मौजूद रहे।