Advertisement
Sponsored
हरदोई में पुलिस मुठभेड़, दो शातिर चोर घायल:पैर में गोली लगने से गिरे, जेवरात और अवैध शस्त्र बरामद
Feb 23, 2026
हरदोई में पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान दो चोरों को पैर में गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में एक उपनिरीक्षक भी चोटिल हुए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार चोरों के पास से चोरी के जेवरात, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि यह मुठभेड़ 17 फरवरी की रात आजाद नगर निवासी सुनील जौहरी के घर हुई बड़ी चोरी के मामले से जुड़ी है। पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बावन रोड से बाईपास की ओर आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने सांडी रोड की तरफ भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हमीरपुर निवासी धीरेन्द्र सिंह उर्फ धीरज और बिहार निवासी कमरुद्दीन उर्फ कमरुल के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान उपनिरीक्षक रोहित पांडेय भी चोटिल हुए। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों के पास से सोने-चांदी के आभूषण, 2000 रुपये नकद, एक चोरी की मोटरसाइकिल, लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त, दो 315 बोर के तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस भी मिले हैं। पूछताछ में सामने आया है कि ये अपराधी दिन में रेकी कर रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। मुख्य अभियुक्त धीरेन्द्र सिंह पर आगरा, नोएडा और गौतमबुद्ध नगर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास (धारा 307) और डकैती सहित 9 गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्यागी के नेतृत्व वाली टीम की इस सफलता पर पुलिस प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
ं
Advertisement
Advertisement
Readers Comments