बुलंदशहर में हर्ष फायरिंग की घटना में घायल आठ वर्षीय रेयांश की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों ने बताया कि बच्चे की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है, जिसके चलते उसे अगले तीन दिन और वेंटीलेटर पर रखा जाएगा। इसके बाद दोबारा एमआरआई जांच कर आगे की स्थिति स्पष्ट की जाएगी। रेयांश 19 फरवरी से नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और उपचार जारी है। यह घटना 19 फरवरी को नगर की सुनारों वाली गली में एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। आरोप है कि समारोह में एक किशोर को पिस्टल थमा दी गई थी, जिसने लापरवाही से फायरिंग कर दी। इसी दौरान निकली गोली रेयांश के जबड़े को चीरते हुए सिर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद, परिजन बच्चे को स्थानीय अस्पताल ले गए। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे नोएडा रेफर कर दिया गया था। तब से वह वेंटीलेटर पर है। पीड़ित पिता हिमांशु ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने इस मामले में शुरुआत में लापरवाही बरती और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में देरी की। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बच्चे की गंभीर हालत को लेकर परिवार में चिंता का माहौल बना हुआ है।