INDIA EDITION
1 VIEWS

सहारनपुर में मिलावटी पनीर फैक्ट्री पर छापा:20 कुंतल दूध, 5 कुंतल पनीर जब्त; मालिक फरार हुआ

TLN

                 सहारनपुर में मिलावटी पनीर फैक्ट्री पर छापा:20 कुंतल दूध, 5 कुंतल पनीर जब्त; मालिक फरार हुआ
सहारनपुर के कमेला कॉलोनी क्षेत्र में गुरुवार शाम खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। त्योहारों के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक पनीर फैक्ट्री पर छापा मारा गया। मौके से लगभग 20 कुंतल दूध और 5 कुंतल पनीर जब्त किया गया, जो प्रथम दृष्टया मिलावटी और अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान टीम को पनीर निर्माण स्थल पर गंभीर अनियमितताएं मिलीं। फैक्ट्री परिसर में चारों ओर गंदगी फैली हुई थी और साफ-सफाई के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। अधिकारियों ने वहां काम कर रहे कर्मचारियों को फटकार लगाई और उत्पादन प्रक्रिया के बारे में पूछताछ की। फैक्ट्री का मालिक मौके पर मौजूद नहीं मिला और उसका मोबाइल भी रिसीव नहीं हुआ, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई। सहायक खाद्य आयुक्त मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि विभाग को कमेला कॉलोनी में बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर मंडल स्तर से आई टीम ने जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर आयुक्त महोदय के निर्देश पर यह छापेमारी की। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री से करीब 2000 लीटर दूध और लगभग 500 किलोग्राम पनीर बरामद हुआ है। रमजान का महीना चलने और होली व ईद जैसे बड़े त्योहारों के नजदीक होने के कारण पनीर की खपत बढ़ जाती है। आशंका है कि यह मिलावटी पनीर स्थानीय बाजार के साथ-साथ बाहरी इलाकों में भी सप्लाई किया जाना था। मनोज कुमार वर्मा के अनुसार, मौके से दूध और पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Reporting by Dainik Bhaskar .

Read More at Dainik Bhaskar
Share this story

Reader Reactions
Reader Comments
No comments yet.
Post a Comment