Reporting by Dainik Bhaskar .
Read More at Dainik Bhaskar
INDIA EDITION
1 VIEWS
तमंचा लहराया, पुलिस के सामने बीड़ी जलाकर पी, VIDEO:बोला- पास आए तो गोली मार दूंगा; मेरठ में पत्नी के प्रेमी का हत्यारोपी अरेस्ट
TLN
Editorial Team
मेरठ में पत्नी के प्रेमी की हत्या करने वाले पति को पुलिस ने गुरुवार को अरेस्ट कर लिया। इस दौरान पति प्रदीप ने 40 मिनट तक ड्रामा किया। पुलिस ने जब उसे गन्ने के खेत में घेरा, तो उसने पुलिसवालों पर तमंचा तान दिया। पुलिस उसे समझाती रही, लेकिन वह कभी पानी पीता रहा तो कभी बीड़ी जलाकर पीता रहा। पुलिसवाले जब भी उसके पास जाने की कोशिश करते, वह फिर तमंचा तान देता। कहता- पास आओगे तो गोली मार दूंगा। काफी देर तक पुलिस अफसरों ने उसे समझाया। धीरे-धीरे विश्वास में लिया। इसके बाद वह सरेंडर करने के लिए तैयार हुआ। फिर पुलिस उसे अरेस्ट कर थाने ले गई। देखिए 2 तस्वीरें… पति की गिरफ्तारी की मांग पर प्रेमी के घरवालों ने लगाया जाम
दूसरी ओर, मृतक प्रेमी सुरेंद्र (28) का गुरुवार को पोस्टमॉर्टम किया गया। इसके बाद शव घरवालों के हवाले कर दिया गया। लेकिन, घरवाले ने सुरेंद्र का अंतिम संस्कार करने की जगह उसे सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। घरवालों का कहना था कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे नहीं हटेंगे। सड़क जाम होने से गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घरवालों को समझाने का प्रयास किया। करीब 40 मिनट बाद पुलिस के आश्वासन पर घरवाले माने और जाम खुल पाया। अब पढ़िए क्या है पूरा मामला पत्नी के प्रेमी को दिनदहाड़े मारी थी गोली
बुधवार दोपहर करीब पौने दो बजे मेरठ के रामराज एरिया में सुरेंद्र बाइक से जा रहा था। अचानक मेरठ के फलावद का रहने वाला प्रदीप दूसरी बाइक से आया। उसने अपना मुंह चादर से ढक रखा था। उसके पास 2 तमंचे थे। सुरेंद्र को देखते ही प्रदीप ने तमंचे निकाले और उसको 3 गोलियां मारीं। 2 गोलियां पीछे से कमर पर और तीसरी कनपटी पर सटाकर मारी गई। इससे सुरेंद्र का भेजा तक उड़ गया। प्रदीप ने सुरेंद्र को कमर पर 2 गोलियां मारने के बाद बाजार में चिल्ला-चिल्लाकर कहा- है कोई माई का लाल जो इसे बचा ले। इसके बाद सुरेंद्र की कनपटी पर तीसरी गोली मार दी। पुलिस की जांच में सामने आया कि सुरेंद्र का प्रदीप की पत्नी से अफेयर था। वह उसे भगाकर लाया था। सुरेंद्र, प्रदीप की पत्नी से लव मैरिज करने वाला था। बताया जा रहा है कि पत्नी से अफेयर को लेकर प्रदीप की सुरेंद्र से कुछ दिन पहले कहासुनी भी हुई थी। वहीं, इस पूरे हत्याकांड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें एक युवक गोली मारता दिख रहा, जिसने अपना चेहरा चादर से ढक रखा है। यही आरोपी प्रदीप बताया जा रहा है। 4 मिनट के वीडियो में पत्नी को मार डालने की धमकी दी
पत्नी के अफेयर के चलते प्रदीप के गुस्से का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रेमी सुरेंद्र को मारने के बाद उसने 4 मिनट का एक वीडियो भी शेयर किया। वीडियो में प्रदीप बाइक चलाता हुआ लग रहा। सामने मोबाइल रखा है, जिससे उसने वीडियो शूट किया। वीडियो में वह अपनी पत्नी, उसके प्रेमी सुरेंद्र को गालियां दे रहा है। साथ ही पत्नी की हत्या करने की भी धमकी भी दे रहा है। वह कह रहा है कि प्रेमी को मार दिया, अब उसे भी मार डालूंगा। कोई बचा सकता हो, तो उसे बचा लो। मैंने बदला ले लिया। आज डेढ़ साल बाद सुरेंद्र मिला। उसको मार आया। मेरी पत्नी भाग गई थी, उसे भी मारूंगा। मैं किसी से नहीं डरता। एसएसपी मेरठ, एसओ सबको चैलेंज कर रहा हूं। जितनी भी भागने वाली औरतें हैं, मैं सबको मारूंगा। बस मुझे बताते जाएं सब। मैं घर छोड़ने वाली सभी औरतों को मार दूंगा। पुलिस प्रशासन मेरा कुछ नहीं कर पाएगा। मैं अपने साथ ढाई मीटर का कफन लेकर चलता हूं। मेरे सिर पर मौत मंडरा रही है। वीडियो में पैंट में लगा तमंचा दिखाया
प्रदीप कहता है कि मुझे अपनी मौत की परवाह नहीं, उसे 3 गोलियां मारकर आया हूं। इसके लिए मैं खुद जिम्मेदार हूं। मैं अपने घर से बेदखल हूं। मेरे घर-परिवार का कोई भी इसके लिए जिम्मेदार नहीं। न ही मेरा कोई दोस्त इसके लिए जिम्मेदार है। वीडियो में उसने अपनी पैंट में लगा तमंचा भी दिखाया। कहा कि अब इस हथियार को नहर में फेकूंगा। सब लोग मेरा वीडियो वायरल कर दो। डेढ़ साल में इसने मुझे परेशान कर दिया
वीडियो में प्रदीप कहता है कि डेढ़ साल में इसने मुझे परेशान कर दिया था। मुझे थाना हस्तिनापुर पुलिस ने हथियार उठाने पर मजबूर किया। एसओ एके शर्मा, दरोगा अनिल कुमार ने मुझे कोर्ट के कागज नहीं दिए। इन्होंने मुझे हथियार उठाने पर मजबूर किया। जिसने मुझे हथियार दिलाए, वो मरने वाले सुरेंद्र के चाचा का लड़का है। मैं एसओ, दरोगा सभी को मारूंगा। वहीं, एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि बहसूमा थाना क्षेत्र के सुरेंद्र उर्फ सुनील उर्फ गाबा की बुधवार को हत्या हुई थी। इसके बाद आरोपी प्रदीप नाम के युवक ने वीडियो जारी कर जुर्म कबूल किया था। आज प्रदीप को फलावदा सीमा के कलावडा गांव से अरेस्ट कर लिया गया है। ------------------------ ये भी खबर पढ़ें- 'सुपर कॉप' जिसे शंकराचार्य ने साजिश का मास्टरमाइंड बताया:5 जिलों में 500 एनकाउंटर किए; आशुतोष ब्रह्मचारी को भेजा था जेल शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने IPS डॉ. अजय पाल शर्मा पर आशुतोष ब्रह्मचारी के साथ मिलकर साजिश रचने का आरोप लगाया। शंकराचार्य ने एक फोटो सार्वजनिक की है। जिसमें आईपीएस अजय पाल, उनके खिलाफ केस दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी के साथ केक काटते नजर आ रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…
Share this story
Reader Reactions
Reader Comments
No comments yet.