सपा ने अपनी पहली सूची में उन सीटों को प्राथमिकता दी है, जहां 2022 के चुनाव में बसपा और AIMIM जैसे दलों द्वारा मुस्लिम प्रत्याशी उतारे जाने के बावजूद सपा के वोट बैंक में सेंध नहीं लग पाई थी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 का बिगुल फूंकते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) ने 'होगा पीडीए के नाम, अबकी एकजुट मतदान' के नारे के साथ अपने 5 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में पश्चिमी यूपी के चार दिग्गज मुस्लिम विधायकों पर फिर से भरोसा जताया गया है, जबकि बुंदेलखंड की ललितपुर सीट से एक नए महिला चेहरे को मैदान में उतारकर चौंकाया है।
आखिर इन्हीं 5 सीटों से क्यों हुई शुरुआत? समझिए सपा की रणनीति
1. 'वोट कटवा' फैक्टर बेअसर, 25 से 71 हजार तक का रहा जीत मार्जिन
सपा ने अपनी पहली सूची में उन सीटों को प्राथमिकता दी है, जहां 2022 के चुनाव में बसपा और AIMIM जैसे दलों द्वारा मुस्लिम प्रत्याशी उतारे जाने के बावजूद सपा के वोट बैंक में सेंध नहीं लग पाई थी...
✓अमरोहा (41): मौजूदा विधायक महबूब अली ने 2022 में बसपा के मुस्लिम प्रत्याशी (34,585 वोट) की मौजूदगी के बावजूद 71,036 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज की थी।
✓बेहट (01): उमर अली ख़ान ने बसपा प्रत्याशी रईस मलिक के 45 हजार से ज्यादा वोट काटने के बाद भी 37,880 वोटों के बड़े मार्जिन से भाजपा को हराया था।
✓सहारनपुर (04): आशु मलिक के सामने AIMIM और आज़ाद समाज पार्टी के मुस्लिम उम्मीदवार थे, फिर भी उन्होंने 30,745 वोटों से शानदार जीत हासिल की थी।
✓कैराना (08): नाहिद हसन ने भी तमाम ध्रुवीकरण के बीच 25,887 वोटों के अंतर से अपना गढ़ बचाए रखा था।
2. कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग में 'प्रेशर पॉलिटिक्स'
इस सूची की टाइमिंग बेहद खास है। इसे ठीक उस दिन जारी किया गया जब सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर मंथन चल रहा था। कांग्रेस ने सहारनपुर सांसद इमरान मसूद के प्रभाव के चलते बेहट और सहारनपुर सीटों पर अपनी दावेदारी पेश की थी। अखिलेश यादव ने सबसे पहले इन्हीं दोनों सीटों पर अपने मौजूदा विधायकों को टिकट देकर कांग्रेस को साफ संदेश दे दिया है कि जीती हुई सीटों पर कोई समझौता नहीं होगा।
3. ललितपुर में 'पीडीए' और महिला कार्ड
सूची का एकमात्र नया नाम श्रीमती ज्योति लोधी का है, जिन्हें ललितपुर (226) से टिकट दिया गया है। 2022 में इस सीट पर सपा के रमेश कुशवाहा तीसरे नंबर पर रहे थे और भाजपा ने 1,07,215 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। इस बार सपा ने लोधी (OBC) और महिला समीकरण साधते हुए प्रत्याशी को तैयारी के लिए भरपूर समय देने की रणनीति अपनाई है।
शुरुआती 4 नामों के पीछे बेशक उनका बड़ा जीत मार्जिन और वोट न बंटने का ट्रैक रिकॉर्ड सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन इन 5 सीटों को सबसे पहले घोषित करने की टाइमिंग सीधे तौर पर कांग्रेस के साथ चल रही सीट बंटवारे की बातचीत में बढ़त बनाने के लिए तय की गई है।