Reporting by Dainik Bhaskar .
Read More at Dainik Bhaskar
INDIA EDITION
1 VIEWS
इंडिगो फ्लाइट में 200 से ज्यादा यात्री 4 घंटे फंसे:पायलट भी उतरा, चेन्नई से सिंगापुर जाना था; पैसेंजर्स बोले- AC बंद, सांस लेने में दिक्कत
TLN
Editorial Team
चेन्नई से सिंगापुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 1025 24 फरवरी को तकनीकी कारणों से करीब 5 घंटे लेट हो गई। इससे विमान में बैठे 200 से ज्यादा यात्री रनवे पर फंसे रहे। उन्होंने जानकारी के अभाव और एयर कंडीशनिंग की समस्या को लेकर भी नाराजगी जताई। घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में यात्री क्रू से टेक-ऑफ में देरी का कारण पूछते दिख रहे हैं। एक यात्री ने आरोप लगाया कि विमान के अंदर एयर कंडीशनिंग बार-बार बंद हो रही है, जिससे सांस लेने में दिक्कत हो रही है। एक अन्य यात्री ने कहा कि वे सुबह 7 बजे से इंतजार कर रहे हैं और उन्हें कोई जानकारी नहीं दी जा रही। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में दावा किया गया कि यात्री 4 घंटे से अधिक समय तक विमान में बिना वेंटिलेशन और खाना के बैठे रहे। यात्रियों ने यह भी दावा किया कि फ्लाइट पहले तकनीकी खराबी के कारण लेट हुई। इसके बाद ड्यूटी टाइम खत्म होने का हवाला देते हुए पायलट भी विमान से उतर गया। दूसरा पायलट लगभग 11 बजे पहुंचा। इसके बाद दोपहर में विमान ने उड़ान भरी। एयरलाइन बोली- यात्रियों को रिफ्रेशमेंट और अपडेट दिए गए थे इंडिगो के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि फ्लाइट एक छोटी तकनीकी खराबी के कारण बे (पार्किंग) पर लौट आई थी। जांच और रखरखाव के दौरान कॉकपिट क्रू का ड्यूटी टाइम लिमिट पार हो गया, जिससे क्रू बदलना पड़ा और उड़ान में और देरी हुई। एयरलाइन ने असुविधा के लिए खेद जताया और कहा कि यात्रियों को रिफ्रेशमेंट और समय-समय पर अपडेट दिए गए थे। इंडिगो की फ्लाइट को मंगलवार सुबह 7.20 बजे चेन्नई से सिंगापुर के लिए रवाना होना था। फ्लाइट आखिरकार सुबह 11.39 बजे रवाना हुई। मुंबई में रनवे पर 45 मिनट से ज्यादा समय तक खड़ी रही फ्लाइट इधर, मुंबई से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI 1851 बुधवार को 45 मिनट से ज्यादा समय तक रनवे पर खड़ी रही। सूत्रों के मुताबिक, प्लेन में सभी पैसेंजर्स बैठ गए थे। हालांकि, फ्लाइट मुंबई एयरपोर्ट के रनवे पर खड़ी रही और अपने निर्धारित समय दोपहर 3:25 बजे से लेट हो गई। फ्लाइट को लेकर अभी कोई अपडेट सामने नहीं आई है। ----------------------------- फ्लाइट में खराबी से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… एअर इंडिया के 191,इंडिगो के 148 विमानों में बार-बार खराबी: सरकार ने संसद में माना- 754 प्लेन की जांच में यह बात सामने आई लोकसभा में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि जनवरी 2025 से देश की छह प्रमुख एयरलाइंस के कुल 754 विमानों की तकनीकी जांच की गई। इनमें से 377 विमानों में बार-बार आने वाली खराबियों की पहचान हुई। यानी एक ही खराबी बार-बार सामने आई, भले ही उसे पहले ठीक कर दिया गया था। पूरी खबर पढ़ें…
Share this story
Reader Reactions
Reader Comments
No comments yet.