INDIA EDITION
--- VIEWS

'यह हमारे लिए बहुत बड़ा सम्मान है':वेब सीरीज ‘फौदा’ के क्रिएटर लियोर राज ने पीएम मोदी से मुलाकात को बताया खास पल

TLN

                 'यह हमारे लिए बहुत बड़ा सम्मान है':वेब सीरीज ‘फौदा’ के क्रिएटर लियोर राज ने पीएम मोदी से मुलाकात को बताया खास पल
मशहूर वेब सीरीज ‘फौदा’ के क्रिएटर लियोर राज ने गुरुवार को इजराइल के यरुशलम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने इस मुलाकात को बहुत बड़ा सम्मान बताया। लियोर राज ने ANI को दिए इंटरव्यू में कहा कि भारत जैसे बड़े देश के प्रधानमंत्री से मिलना उनके लिए खास पल था। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि भारत में उनकी सीरीज को बड़ी संख्या में दर्शक देखते हैं। उन्होंने कहा, “हमारे लिए यह बहुत सम्मान की बात है। हमें भारत में बहुत दर्शक मिलते हैं। आपके प्रधानमंत्री से यह सम्मान मिलना बड़ी बात है। वह अपने देश में कला और प्रोडक्शन को सपोर्ट करते हैं। हमें भी अपने देश में इससे सीख लेनी चाहिए। हम फिर से भारत के साथ काम करना चाहेंगे।” लियोर राज ने बताया कि उनकी सीरीज ‘फौदा’ का नेटफ्लिक्स प्रीमियर गोवा फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। उन्होंने कहा कि वह फिर से भारत आना चाहते हैं और दोबारा ऐसा मौका मिलना चाहिए। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी दो दिन की इजराइल यात्रा के बाद शुक्रवार को भारत लौट आए। नौ साल में यह उनकी पहली इजराइल यात्रा थी। इस दौरान भारत और इजराइल ने अपने रिश्तों को स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप तक बढ़ाया। पॉलिटिकल थ्रिलर वेब सीरीज है ‘फौदा’ ‘फौदा’ एक इजराइली पॉलिटिकल थ्रिलर वेब सीरीज है। इसमें इजराइल और फिलिस्तीन के बीच चल रहे संघर्ष को दिखाया गया है। अरबी भाषा में ‘फौदा’ का मतलब ‘अराजकता’ यानी Chaos होता है। सीरीज की कहानी इजराइल की एक सीक्रेट डिफेंस यूनिट मिस्तारविम के कमांडर डोरोन के आसपास घूमती है। डोरोन रिटायरमेंट के बाद फिर ड्यूटी पर लौटता है। उसका मकसद हमास के एक बड़े आतंकवादी, जिसे ‘द पैंथर’ कहा जाता है, को पकड़ना है। डोरोन को पहले लगा था कि वह मारा जा चुका है, लेकिन बाद में पता चलता है कि वह जिंदा है। हालांकि इसके किरदार काल्पनिक हैं, लेकिन कहानी असली घटनाओं से प्रेरित है। यह इजराइल की अंडरकवर यूनिट ‘दुवदेवन’ के अनुभवों पर आधारित है। सीरीज के क्रिएटर लियोर राज खुद इस यूनिट का हिस्सा रह चुके हैं और उन्होंने सीरीज में डोरोन का किरदार भी निभाया है। अब तक इसके चार सीजन आ चुके हैं। हर सीजन में 12 एपिसोड हैं। पांचवें सीजन की घोषणा भी हो चुकी है। इसकी कहानी 7 अक्टूबर 2023 के हमास हमलों के बाद की स्थिति पर आधारित होगी।

Reporting by Dainik Bhaskar .

Read More at Dainik Bhaskar
Share this story

Reader Reactions
Reader Comments
No comments yet.
Post a Comment