होली के मद्देनज़र रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहार के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए 50 होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई गई है। इससे लखनऊ से मुंबई, हावड़ा, दिल्ली, चंडीगढ़, पटना, देहरादून और जयपुर जैसे प्रमुख शहरों के लिए अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में राहत मिलेगी। 20 ट्रेनों की टाइम टेबल जारी, 30 की तैयारी अंतिम चरण में रेलवे ने 50 में से 20 स्पेशल ट्रेनों की समय-सारिणी जारी कर दी है, जबकि शेष 30 ट्रेनों की घोषणा जल्द होने की संभावना है। लखनऊ के उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे से जुड़े स्टेशनों पर विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान प्लेटफॉर्म और संचालन व्यवस्था सुचारु रहे। लखनऊ रूट पर दबाव कम करने की रणनीति 05633/05634 नारंगी–गोरखपुर होली विशेष ट्रेन 19 फरवरी से 27 मार्च 2026 तक छह फेरों में चलाई जाएगी। यह ट्रेन असम से चलकर गोरखपुर पहुंचेगी और वापसी में भी इसी रूट से संचालित होगी। लखनऊ होकर पंजाब तक सीधी सुविधा 05736/05735 कटिहार–अमृतसर साप्ताहिक होली विशेष ट्रेन 25 फरवरी से 27 मार्च 2026 तक पांच फेरों में चलेगी। यह ट्रेन गोरखपुर होते हुए लखनऊ मंडल के कई स्टेशनों से होकर गुजरेगी। ट्रेन का ठहराव लखनऊ मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा, जिससे बिहार, पूर्वांचल और पंजाब के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी। लखनऊ से गुजरात कनेक्शन मजबूत 05559/05560 रक्सौल-उधना साप्ताहिक विशेष ट्रेन 7 और 8 मार्च 2026 को एक फेरे के लिए चलाई जाएगी। यह ट्रेन गोरखपुर, बाराबंकी और लखनऊ होते हुए कानपुर और झांसी मार्ग से गुजरात के उधना तक जाएगी। लखनऊ जंक्शन और लखनऊ चारबाग रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली यह ट्रेन कुल 22 कोचों के साथ संचालित होगी, जिनमें एसी प्रथम, एसी द्वितीय, एसी तृतीय और शयनयान श्रेणियां शामिल हैं। लखनऊ सिटी और गोमतीनगर से होकर गुजरेगी हैदराबाद गोरखपुर साप्ताहिक ट्रेन 07075/07076 हैदराबाद-गोरखपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन के चार अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं। यह ट्रेन हैदराबाद से चलकर नागपुर, भोपाल, झांसी और कानपुर होते हुए लखनऊ के ऐशबाग, लखनऊ सिटी और गोमतीनगर स्टेशनों से होकर गोरखपुर पहुंचेगी। लखनऊ में भीड़ प्रबंधन की विशेष तैयारी होली के दौरान लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग और गोमतीनगर स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, हेल्प डेस्क और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। रेलवे प्रशासन का दावा है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और यात्रियों को राहत मिलेगी।