एटा जिले के निधौली कलां थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार में मामूली कहासुनी के बाद एक पिता ने अपने बेटे को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। गोली बेटे के मुंह और होंठ को चीरती हुई निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया है। घायल बेटे को तत्काल निधौली कलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल, युवक का वहां उपचार चल रहा है। पिता सूरज और बेटे राजू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी बात से नाराज होकर पिता ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से बेटे पर फायर कर दिया। परिजनों ने पिता पर ही गोली मारने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पिता सूरज घटना के बाद से फरार है और पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। घायल के ससुर रविराज सिंह ने बताया कि उनकी बेटी ने उन्हें फोन पर जानकारी दी कि उनके दामाद (राजू) को उनके पिता ने चाची के कहने पर गोली मार दी है। रविराज सिंह ही घायल को इलाज के लिए लेकर आए हैं। निधौली कलां थाना प्रभारी धर्मेंद्र पंवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और जांच जारी है।