बुर्के में कांवड़ लाने वाली तमन्ना को धमकी:पति के साथ संभल पुलिस से मिली, कट्टरपंथियों पर जिंदा जलाने की धमकी का आरोप
February 18, 2026 | Uttar Pradesh
संभल की तमन्ना मलिक तुलसी, जो बुर्का पहनकर कांवड़ लाई थीं, उन्हें अब सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। पीड़ित दंपति ने पुलिस को तहरीर देकर धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। बुधवार को जनपद संभल के थाना असमोली क्षेत्र के गांव बदनपुर बसेई निवासी अमन त्यागी और उनकी पत्नी तमन्ना मलिक तुलसी ने थाना प्रभारी मोहित चौधरी से मिलकर धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ तहरीर दी। हालांकि, तहरीर में किसी का नाम नहीं खोला गया है, लेकिन सोशल मीडिया पर जिंदा जला देने की धमकी का जिक्र किया गया है। आपको बता दें कि तमन्ना मलिक तुलसी हरिद्वार से 184 किलोमीटर पैदल चलकर कांवड़ लाई थीं। उन्होंने 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पर्व पर संभल के प्राचीन नैमिषारण्य तीर्थ क्षेमनाथ मंदिर पर कांवड़ चढ़ाई थी। इस दौरान पति-पत्नी को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य हिंदूवादी संगठनों का समर्थन मिला था। जनपद बिजनौर के नूरपुर से लेकर कांवड़ चढ़ाने तक पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा मुहैया कराई गई थी। पति अमन त्यागी ने बताया कि जब से वे कांवड़ लेकर आए हैं, सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की बातें कर धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जिंदा जला देने की धमकी दी जा रही है। अमन ने सवाल उठाया कि उन्होंने प्रेम विवाह किया है, और अगर उनकी पत्नी बुर्के में कांवड़ लाई है तो उन लोगों को क्या दिक्कत है, जबकि उन्होंने उनके धर्म को लेकर कोई पाबंदी नहीं लगाई है। तमन्ना ने कहा कि कांवड़ लेकर आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके वीडियो और फोटो वायरल हुए हैं, जिसके बाद से कट्टरपंथी लोग उन्हें धमकी दे रहे हैं और दूसरों को भी उकसा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने अपनी वीडियो और फोटो पोस्ट से हटा दिए हैं, लेकिन कुछ पोस्ट उनके पास सबूत के तौर पर मौजूद हैं। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि तमन्ना और उनके पति अमन त्यागी ने धमकी देने की शिकायत दी है। पूरे मामले की जांच करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।