25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार:सिद्धार्थनगर में भवानीगंज पुलिस ने नहर पुल के पास दबोचा
2026-02-17 08:15:46 | Views: 0
सिद्धार्थनगर। भवानीगंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त रफीउल्लाह कुरैशी उर्फ अतीकुल्लाह कुरैशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह सफलता लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश के बाद मिली। थानाध्यक्ष भवानीगंज बृजेश सिंह अपनी टीम के साथ 16 और 17 फरवरी की दरमियानी रात क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित इनामी अभियुक्त सरयू नहर पुल बिथरिया के पास मौजूद है और कहीं जाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों की सतर्कता के चलते उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान रफीउल्लाह कुरैशी उर्फ अतीकुल्लाह कुरैशी पुत्र कल्लू कुरैशी निवासी ग्राम जबजौआ, थाना डुमरियागंज, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ भवानीगंज थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष बृजेश सिंह के साथ उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल विजय गुप्ता, कांस्टेबल सिद्धार्थ सिंह और कांस्टेबल अनीत वर्मा शामिल थे। पुलिस ने बताया कि फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।