बागपत जनपद के थाना बिनौली क्षेत्र के एक गांव के पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। परिवार का आरोप है कि 40 साल पुराने जमीन विवाद में उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और आगामी शादी समारोह को रोकने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित पक्ष ने बताया कि उनका गांव के ही युवक के साथ पिछले लगभग 40 वर्षों से जमीन को लेकर एक मुकदमा चल रहा है। इस मामले में वे बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी, मेरठ के यहां 18 दिसंबर 2025 को जीत चुके हैं और वीरेंद्र कुमार की अपील भी खारिज हो चुकी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 7 फरवरी 2026 को वीरेंद्र कुमार के बेटे अंकित को गोली लगने की घटना हुई थी, जिसमें गांव के दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उनका कहना है कि इस घटना से उनका कोई संबंध नहीं है, लेकिन वीरेंद्र कुमार रंजिश के चलते उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। आरोप है कि वह गांव में खुलेआम कह रहा है कि जमीन के मुकदमे की रंजिश निकालने के लिए पूरे परिवार को फंसा देगा। प्रार्थीगण ने यह भी बताया कि 11 मार्च 2026 को उनके परिवार में शनि कुमार की शादी निर्धारित है। उनका आरोप है कि वीरेंद्र कुमार और उसके परिजन शादी न होने देने की धमकी दे रहे हैं। साथ ही, उन्होंने पुलिस द्वारा बिना कारण परेशान किए जाने की भी शिकायत की है। पीड़ित परिवार ने एसपी से मांग की है कि उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने से बचाया जाए, थाना बिनौली पुलिस को अनावश्यक दबाव न बनाने के निर्देश दिए जाएं और शादी समारोह के दौरान सुरक्षा मुहैया कराई जाए। एसपी सूरज कुमार ने मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।