फर्रुखाबाद में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट किया गया है। ये सभी नेता मंगलवार को लखनऊ में होने वाले विधानसभा घेराव में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें घर से निकलने नहीं दिया। फर्रुखाबाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अंकुर मिश्रा को रविवार रात 2 बजे से ही नजरबंद कर दिया गया है। उनके आवास पर पुलिसकर्मी तैनात हैं और घर के बाहर पुलिस की गाड़ी भी खड़ी है। मिश्रा ने बताया कि सोमवार शाम और मंगलवार सुबह उन्हें घर से बाहर निकलने नहीं दिया गया। इसके अलावा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अम्मार अली, यूथ जिला उपाध्यक्ष आरिफ अली और जिला महासचिव शादाब खान को भी पुलिस ने सोमवार शाम 8 बजे से नजरबंद कर रखा है। उनके आवासों पर भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कांग्रेस पार्टी मनरेगा के नाम में बदलाव और अन्य मुद्दों को लेकर मंगलवार को लखनऊ में विधानसभा का घेराव कर रही है। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए हर जिले से कांग्रेस पदाधिकारियों को बुलाया गया था। शहर अध्यक्ष अंकुर मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद हमेशा गरीबों की आवाज उठाते रहे हैं। कांग्रेस पार्टी श्रमिकों और मजदूरों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया।