सीतापुर के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित त्रिवेदी कॉलोनी में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 36 वर्षीय महिला का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान रागिनी मिश्र के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मोहल्ले में भीड़ जुट गई और पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव के सिर से खून टपक रहा था। वहीं घर के आंगन में टूटी हुई चूड़ियां बिखरी पड़ी थीं, जिससे किसी तरह के संघर्ष की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह घर के अंदर से मारपीट जैसी आवाजें सुनाई दी थीं। कुछ देर बाद अचानक सन्नाटा छा गया और फिर महिला के शव की जानकारी सामने आई। पति हिरासत में, सास फरार मृतका के पति अतुल मिश्र पेशे से शिक्षक बताए जा रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद मृतका की सास घर से गायब है, जिसकी तलाश की जा रही है। मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका मृतका के मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि रागिनी को लंबे समय से घरेलू विवाद के चलते प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार रागिनी की शादी वर्ष 2016 में अतुल मिश्र से हुई थी। वह मूल रूप से पिसावा क्षेत्र के ग्राम बलियापुर की रहने वाली थी। दंपती के दो बच्चे हैं—8 वर्षीय बेटी और 6 वर्षीय बेटा। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर अनूप शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।