लखनऊ के पारा इलाके में सोमवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में इंटर के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब 8:30 बजे बुद्धेश्वर चौराहे के पास आरडी मेमोरियल स्कूल के सामने हुआ। पुलिस के मुताबिक, पारा स्थित भपटामऊ निवासी 18 वर्षीय नीतीश सोनवानी इंटर फर्स्ट ईयर का प्राइवेट छात्र था। बड़े भाई अमन ने बताया कि नीतीश अपने दोस्त सौरभ के साथ बाइक से सामान खरीदने निकला था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद भागने लगा ट्रक ड्राइवर टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान नीतीश ने दम तोड़ दिया। सौरभ के पैर में फ्रैक्चर हो गया। उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। नीतीश दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता की पांच महीने पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। परिवार में मां ज्ञानवती और भाई-बहन हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।