आगरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शारीरिक शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार और पक्षपात के विरोध में कुलपति सचिवालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विश्वविद्यालय इकाई ने छलेसर परिसर स्थित शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कुलपति का घेराव किया और दोषी कर्मचारियों व शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग उठाई। एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विभाग में प्रैक्टिकल और सेशनल के नाम पर छात्रों से अवैध वसूली की जा रही है। इसके साथ ही खेल टीम चयन में पक्षपात और मनमानी हो रही है, जिससे योग्य खिलाड़ियों को मौका नहीं मिल पा रहा। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। प्रांत सह मंत्री पुनीत कुमार ने कहा कि ऐसे मामले विश्वविद्यालय की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करते हैं। वहीं इकाई अध्यक्ष शिवम कोली ने दोषी कर्मचारियों के निलंबन और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की मांग की। इकाई मंत्री रवीत यादव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति को ज्ञापन सौंपा। कुलपति ने छात्रों की समस्याओं पर जल्द जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और भ्रष्टाचार व छात्र उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाई।
Readers Comments