आजमगढ़ जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर बरौली गांव में शनिवार रात भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में एक पक्ष से मां-बेटे समेत नौ लोग घायल हो गए। घायलों को पहले सीएचसी फूलपुर में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस घटना का वीडियो मंगलवार को वायरल होने लगा। इसके बाद पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई। लाठी डंडे के साथ हुईं मारपीट जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर बरौली निवासी निर्मला देवी ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष गांव के पूर्व प्रधान से मिलीभगत कर उनके घर के पीछे आबादी की भूमि पर कब्जा कर मकान बनवा चुका है। अब वह उनकी भूमि की ओर से रास्ता मांगने और दरवाजा खोलने का प्रयास कर रहा था। मना करने पर मारपीट शुरू कर दी गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने दोनों पक्षों को हिदायत देकर छोड़ दिया। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद विपक्षी फिर से परिजनों के साथ मिलकर जबरन दरवाजा खोलने लगा। विरोध करने पर निर्मला देवी पर लाठी-डंडे और फावड़े से हमला कर दिया गया। उन्हें बचाने पहुंचे पुत्र आविश, अंकित, आदित्य, अंश, आयुष, बहू क्रांति, रिंका और पूनम को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, जिससे सभी घायल हो गए। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। चिकित्सकों के अनुसार निर्मला देवी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले की जांच में जुटी पुलिस वही इस मामले में एसपी ट्रैफिक विवेक त्रिपाठी ने बताया कि फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर बरौली गांव गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पट्टीदारों के बीच मारपीट हुई है। इस संबंध में थाना पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के विरुद्ध सार्वजनिक स्थान पर मारपीट, गाली गलौज और हंगामा करने के लिए अभियोग पंजीकृत किया गया है। शीघ्र ही जांच कर आक्रामक पक्ष के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भूमि विवाद रजिस्टर की भी जांच की जाएगी और दोषियो को भारी धनराशि से पाबंद किया जाएगा जिससे कि आगे कोई झगड़ा ना हो।