चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित हाउसिंग बोर्ड लाइट पॉइंट पर देर रात सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। काम खत्म कर लौट रहे बाइक सवारों को पीछे से आ रही तेज रफ्तार काले रंग की थार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक सुभान के छोटे भाई मोहम्मद फरमान ने बताया कि बाइक पर सवार दोनों रेड लाइट होने के कारण सिग्नल पर रुके हुए थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार थार ने उन्हें टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत पीजीआई में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया। यूपी के सहारनपुर के रहने वाले थे दोनों हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी काजी अब्दुल सुभान (42) और काजी गुलशेर (50) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अब्दुल सुभान सहारनपुर में मदरसे में शिक्षक थे और गरीब बच्चों को पढ़ाते थे। वह चंडीगढ़ किसी काम से अपने दोस्त के साथ आए हुए थे। मृतक के भाई मोहम्मद फरमान ने बताया कि काम खत्म करने के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे मनीमाजरा हाउसिंग बोर्ड लाइट पॉइंट पर रेड लाइट के कारण रुके, तभी पीछे से तेज रफ्तार थार ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप फरमान ने आरोप लगाया है कि थार गाड़ी पुलिसकर्मी के बेटे द्वारा चलाई जा रही थी। मोहम्मद फरमान ने कहा कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं कर रही और उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार के अनुसार, अब्दुल सुभान अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। वहीं गुलशेर भी परिवार के कमाने वाले सदस्य थे।