बदायूं के मुजरिया थाने की प्रभारी ज्योति सिंह का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह एक किसान नेता को थाने का निरीक्षण कराती और विभिन्न जानकारियां देती दिख रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद इस पूरे मामले की जांच सीओ बिल्सी सुनील कुमार को सौंपी गई है। यह घटना जिले के दिल्ली हाइवे पर स्थित मुजरिया थाने की है। बुधवार को सामने आए इस वीडियो में एसएचओ ज्योति सिंह के साथ भाकियू युवा जिलाध्यक्ष अतुल तोमर दिखाई दे रहे हैं। ज्योति सिंह उन्हें थाना परिसर में स्थित जीडी कार्यालय, फरियादियों के बैठने के लिए बने टिनशेड और महिला हेल्प डेस्क के बारे में जानकारी दे रही हैं। वीडियो में एक गाना बज रहा है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि इन दोनों के बीच क्या बातचीत हो रही थी। हालांकि, थाने के निरीक्षण से जुड़े इस मामले की शिकायत मिलने के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं। एसएचओ ज्योति सिंह ने इस संबंध में बताया कि उनकी ओर से न तो कोई वीडियो बनाया गया और न ही वायरल किया गया। उन्होंने कहा कि अतुल तोमर थाने आए थे, और इस दौरान उन्हें थाने में मौजूद व्यवस्थाओं के बारे में बताया गया था। इसका उद्देश्य किसानों और आम जनता के बीच पुलिस की बेहतर छवि प्रस्तुत करना था।
Reader Comments
Good job