महराजगंज में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक हुई। इसमें सड़कों को सुरक्षित बनाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता को मुख्य सड़क मार्गों के किनारे साइनेज (संकेतक बोर्ड) लगवाने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य सड़क यातायात को सुरक्षित बनाना और यात्रियों को असुविधा से बचाना है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि 11 ब्लैक स्पॉट पर साइनेज, रिपीटेड बार, रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए हैं और आवश्यकतानुसार चौड़ीकरण कर उन्हें सुरक्षित किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन मार्गों पर मानक के अनुसार बैरियर/बैरिकेडिंग लगवाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने सड़कों के किनारे की झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित करने को कहा। विशेष रूप से महराजगंज-गोरखपुर मार्ग को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एआरटीओ को गाड़ियों की फिटनेस जांच गुणवत्तापूर्ण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मानक के अनुरूप न पाए जाने वाले वाहनों को सीज करने की कार्रवाई भी करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने पुलिस और एआरटीओ को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। बैठक में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी आर.के. मिश्रा, एआरटीओ मनोज सिंह सहित सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।