प्रयागराज में पूरामुफ्ती थाने के सामने बुधवार दोपहर तेज रफ्तार स्कूल बस ने 19 वर्षीय युवक को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक साइकिल से कोचिंग पढ़ने जा रहा था। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने पूरामुफ्ती थाने के सामने जाम लगा दिया। पुलिस उन्हें समझाने में जुटी रही। संदीपन घाट का रहने वाला युवक की पहचान संदीपन घाट थाना कौशांबी के गौसपुर गांव निवासी पवन कुमार पटेल के रूप में हुई है। वह दोपहर करीब 1 बजे साइकिल से कोचिंग जा रहा था। पूरामुफ्ती थाने से लगभग 500 मीटर आगे पहुंचते ही पीछे से आ रही स्कूल बस ने उसे चपेट में ले लिया। बस ने पहले टक्कर मारी प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस ने पहले उसकी साइकिल में टक्कर मारी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद बस उसे रौंदते हुए निकल गई। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन पूरामुफ्ती थाने के सामने पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने और थाने के सामने जाम लगा दिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी हुई थी।