चित्रकूट के लालापुर गांव में ग्रामीणों ने बाल्मिक आश्रम के महंत भरत दास पर दबंगई और जानलेवा हमले के आरोप लगाते हुए डीएम को शिकायती पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि महंत उनके घरों पर बुलडोजर चलवा रहे हैं और पुलिस प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। घर गिराने का आरोप ग्रामीणों के मुताबिक, लालापुर गांव में करीब 50 मकान हैं, जिनमें से महंत अब तक तीन मकानों को गिरा चुके हैं। आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता का फायदा उठाकर महंत कथित तौर पर बाहरी लोगों के साथ मिलकर यह कार्रवाई कर रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि महंत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लेकर उन्हें डराते-धमकाते हैं और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट करते हैं। कई बार की शिकायत, कार्रवाई नहीं बाबूलाल, भागवत, श्रीकृष्ण, केदारनाथ, विजय, छोटेलाल, शारदा प्रसाद, बच्ची देवी, निर्मला, सावित्री और हीरामणि सहित कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर इसे प्रशासन को अवगत कराने का अंतिम प्रयास बताया है। उनका कहना है कि यदि अब भी कार्रवाई नहीं हुई और कोई अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Reader Comments