अमरोहा जनपद के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में कनेटा रोड स्थित हाजी शाहिद के बाग में एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला। बुधवार दोपहर करीब 11 बजे बाग में काम कर रहे मजदूरों ने शव देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाल राजेश कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम भी मौके पर पहुंची। शुरुआत में युवक की पहचान नहीं हो सकी। करीब दो घंटे की तलाशी के बाद उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। मृतक की पहचान बाईखेड़ा निवासी दिनेश (30 वर्ष) पुत्र नेमपाल के रूप में हुई। उसकी जेब से एक मोबाइल फोन और दो टॉफी भी मिलीं। घटनास्थल पर युवक का एक कड़ा भी जमीन पर पड़ा मिला। परिजनों ने बताया कि दिनेश लगभग 10 दिन पहले हरियाणा में मजदूरी करने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था। मृतक अपने पीछे पत्नी रेनू और दो बेटियों रोही व रंजना को छोड़ गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।