कॉलेज की पढ़ाई से कॉर्पोरेट दुनिया तक का सफर आसान नहीं होता। इसी कड़ी को मजबूत बनाने के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रबंधन विज्ञान संस्थान के मानव संसाधन क्लब ने 'कैंपस से कॉर्पोरेट तक: रिज्यूमे का खाका' विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया। सत्र का मुख्य उद्देश्य छात्रों को प्रभावशाली और आवेदक ट्रैकिंग सिस्टम (एटीएस) के अनुकूल रिज्यूमे तैयार करने की बारीकियां सिखाना रहा। वक्ताओं ने बताया कि आज कंपनियां सैकड़ों रिज्यूमे को सॉफ्टवेयर के जरिए स्कैन करती हैं। ऐसे में सही कीवर्ड, स्पष्ट संरचना और सटीक जानकारी बेहद जरूरी है। क्या रखें, क्या हटाएं छात्रों को बताया गया कि रिज्यूमे में अनावश्यक जानकारी से बचें। उपलब्धियों को बिंदुवार और मापनीय तरीके से लिखें। इंटर्नशिप, प्रोजेक्ट और कौशल को प्रमुखता दें। साथ ही फॉर्मेटिंग, फॉन्ट और प्रोफेशनल ईमेल आईडी जैसी छोटी लेकिन अहम बातों पर भी चर्चा हुई। कॉर्पोरेट तैयारी पर मार्गदर्शन सत्र में यह भी समझाया गया कि सिर्फ डिग्री काफी नहीं, बल्कि संचार कौशल, टीमवर्क और समस्या समाधान क्षमता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। छात्रों को इंटरव्यू की तैयारी और आत्मविश्वास बढ़ाने के टिप्स भी दिए गए।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाएं दूर कीं। यह सत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी और आईएमएस की ओएसडी प्रो. विनीता काचर के मुख्य संरक्षण में किया गया । कार्यक्रम का संचालन आईएमएस की सहायक प्रोफेसर डॉ. आरती वर्मा ने किया।